मुजफ्फरनगर के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न.

मुजफ्फरनगर के जडौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के सभागार में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ईश्वरचन्द्रा, ब्लॉक प्रमुख अमित चौधरी, सीनियर रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुभाष बालियान, जिला पंचायत सदस्य सचिन करानिया, कैप्टन कुलदीप सिंह, पं. संजीव शंकर, नीरू शर्मा, बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार तथा प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के म्यूजिकल ग्रुप ‘रूद्रा’ द्वारा प्रस्तुत इंस्ट्रूमेंटल संगीत से हुई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर किया। समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. वीरपाल निर्वाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन निरंतर प्रयास और सीखने की लगन ही वास्तविक सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। वहीं डॉ. ईश्वरचन्द्रा ने इस अवसर को विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और उपलब्धियों का उत्सव है।ब्लॉक प्रमुख अमित चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संगीत, खेल और कला जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी से उनका सर्वांगीण विकास संभव है। डॉ. सुभाष बालियान ने छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों को भी बधाई दी और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत सदस्य सचिन करानिया ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समारोह में हास्य कवि रामकुमार रागी और फैज-उर-रहमान ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं का पाठ कर माहौल को उत्साह और राष्ट्रभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम में फैज-उल रहमान, अहसान त्यागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इदरीश त्यागी, पूर्व प्रधान रोहित सहरावत, धर्मेन्द्र कुमार, नकुल उपाध्याय, मुजस्सिम, राजसिंह, अनुज गुलियान, राजेन्द्र सिंह, आशु चौधरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुरसलीन त्यागी, इस्तकार त्यागी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।समारोह के समापन सत्र में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर ने विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और उपलब्धियों की खुशियों के साथ हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts