महाराष्ट्र में शहरी निकाय चुनावों की घोषणा: 246 नगरपरिषदों और 42 नगरपंचायतों में होंगे मतदान

महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने आज राज्य की शहरी स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस बार कुल 246 नगरपरिषदों और 42 नगरपंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। हालांकि, जिन 105 नगरपंचायतों का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है, वहां फिलहाल चुनाव नहीं होंगे और इन निकायों में मतदान बाद में कराया जाएगा।वाघमारे ने बताया कि इस बार नगरपरिषदों के अध्यक्ष पद के लिए भी प्रत्यक्ष चुनाव होंगे, यानी मतदाता सीधे अपने नगराध्यक्ष का चुनाव करेंगे। यह निर्णय स्थानीय प्रशासनिक पारदर्शिता और जनता की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल महानगरपालिका और जिला परिषदों के चुनावों की घोषणा नहीं की जाएगी। इन चुनावों की तारीखें बाद में तय की जाएंगी।

राज्य चुनाव आयोग ने मतदाताओं की पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक विशेष मोबाइल ऐप जारी करने की घोषणा भी की है। इस ऐप के माध्यम से मतदाता अपने क्षेत्र के उम्मीदवारों की जानकारी, मतदान केंद्रों का विवरण और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। आयोग का कहना है कि यह डिजिटल पहल चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाएगी। आने वाले दिनों में चुनाव की अधिसूचना और नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।

  • कुल मतदाता: 1 करोड़ 60 लाख
  • मतदान केंद्र: 13,155
  • वोटिंग सिस्टम: इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM)
  • अध्यक्ष पद के लिए खर्च सीमा: ₹15 लाख
  • सदस्य पद के लिए खर्च सीमा: ₹12 लाख

डुप्लीकेट मतदाताओं पर रोक

डुप्लीकेट मतदाता का मुद्दा फिलहाल राज्य की राजनीति में काफी हॉट इशू बना हुआ है. डुप्लीकेट या दोहरी वोटिंग रोकने के लिए आयोग ने एक नया टूल तैयार किया है. इस प्रणाली के तहत अगर कोई मतदाता पहले से किसी अन्य केंद्र पर दर्ज है तो मतदान के समय डबल स्टार अलर्ट दिखेगा. इसके बाद मतदान अधिकारी उस मतदाता की पहचान की पुष्टि करेंगे और उनसे लिखित घोषणा (डिक्लेरेशन) ली जाएगी कि वो दोबारा मतदान नहीं करेंगे.राज्यभर में चुनाव प्रक्रिया के लिए 288 चुनाव अधिकारी और 66,775 चुनाव कर्मचारी तैनात किए जाएंगे.

विभागवार चुनाव विवरण

  • कोंकण विभाग: 27
  • नाशिक विभाग: 49
  • छत्रपति संभाजीनगर विभाग: 52
  • अमरावती विभाग: 45
  • नागपुर विभाग: 55

चुनाव कार्यक्रम

  • नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि: 17 नवंबर
  • चुनाव चिन्ह आवंटन: 26 नवंबर
  • मतदान: 2 दिसंबर
  • मतगणना: 3 दिसंबर
  • परिणाम राजपत्र में प्रकाशन: 10 दिसंबर

राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने कहा कि आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की पूरी तैयारी कर ली है। आयोग का उद्देश्य सभी नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों को समयबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts