अमेरिका-हसीना ने बांग्लादेश को फंसा दिया

बांग्लादेश एक नए संकट में फंस में गया है. दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग ने तख्तापलट से 3 साल पहले रूस से दो हेलिकॉप्टर खरीदे थे. मगर रूस से खरीदे गए ये दो हेलिकॉप्टर बांग्लादेश सरकार के लिए अब गले की हड्डी बन गए हैं.करीब Tk 4 अरब की इस डील में Tk 2.98 अरब पहले ही चुका दिए गए हैं, लेकिन अब अमेरिकी प्रतिबंधों की वजह से इन्हें लाना मुश्किल हो गया है. एक तरफ समझौता रद्द करने पर भारी आर्थिक नुकसान का खतरा है, तो दूसरी ओर हेलिकॉप्टर आयात करने पर अमेरिका से राजनयिक तनाव बढ़ सकता है.

हेलिकॉप्टर सौदे की पूरी कहानी

पूर्व अवामी लीग सरकार ने आतंकवाद-रोधी अभियान और दूरदराज इलाकों में पुलिस की क्षमता बढ़ाने के लिए रूस से Mi-171A2 मॉडल के दो हेलिकॉप्टर खरीदने का फैसला किया था. 10 फरवरी 2021 को पुलिस मुख्यालय में रूस की कंपनी JSC Russian Helicopters के साथ एमओयू साइन हुआ. अक्टूबर 2021 में आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमिटी से मंजूरी मिली और उसी साल नवंबर में औपचारिक समझौता हुआ. फरवरी और अप्रैल 2023 में हेलिकॉप्टर भेजने की योजना थी, लेकिन अमेरिका के प्रतिबंध के चलते प्रक्रिया रोक दी गई.

क्यों फंसा मामला?

दरअसल, अप्रैल 2021 में ही अमेरिका ने कई रूसी रक्षा कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिनमें Russian Helicopters भी शामिल है. इसके बावजूद बांग्लादेश ने उसी साल नवंबर में यह समझौता साइन कर दिया. सवाल ये उठ रहा है कि सरकार ने प्रतिबंध जानते हुए भी यह डील क्यों की और भुगतान क्यों किया.

हेलिकॉप्टर अभी रूस के गोदाम में रखे हैं और मेंटेनेंस का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है. अगर सौदा रद्द हुआ तो अनुबंध की शर्तों के तहत कंपनी पूरा खर्चा वसूलने का दावा कर सकती है और मामला अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता (SIAC) तक जा सकता है. इसलिए विदेश मंत्रालय से कहा गया है कि अमेरिका को समझाने की कोशिश की जाए, ताकि यह बताया जा सके कि हेलिकॉप्टर पूरी तरह नागरिक इस्तेमाल के लिए हैं और आपदा प्रबंधन जैसे कामों में इस्तेमाल होंगे.

अमेरिका से रिश्तों पर असर का डर

विदेश मंत्रालय का मानना है कि अगर बांग्लादेश हेलिकॉप्टर लाने पर अड़ा तो इसका अमेरिका-बांग्लादेश संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. विशेषज्ञ भी चेतावनी दे रहे हैं कि अमेरिका से टकराव बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदेह हो सकता है, क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध काफी गहरे हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts