अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के गुलाब वाटिका के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यक्ति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुबह करीब 9:30 बजे तुलसीराम सैनी अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक गाड़ी में तीन नकाबपोश बदमाश आए, जिनके हाथ में लाठी, डंडे और हॉकी स्टिक जैसे हथियार थे। बदमाशों ने अचानक तुलसीराम पर हमला कर दिया और उन्हें अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने घायल तुलसीराम को रामगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलवर के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस मामले में तुलसीराम के परिचित मनोज कुमार साहू ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उन्हें एक फोन कॉल पर जान से मारने की धमकी मिली थी और अब यह हमला हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल बुजुर्ग व्यक्ति का इलाज अलवर के जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।















