ऑनलाइन ठगी पर अलवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार शातिर ठग गिरफ्तार,

जयपुर। अलवर पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। इनसे ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

अलवर जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि जिले में बढ़ते ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन और ओएलएक्स फ्रॉड जैसे मामलों को रोकने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों का नेतृत्व एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह और डीएसपी ट्रैफिक मुकेश चौधरी कर रहे थे।

रामगढ़ में पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी का खुलासा

रामगढ़ थाना क्षेत्र में थानाधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह की अगुवाई में एक टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा। ये आरोपी सोशल मीडिया पर पुराने सिक्कों और नोटों को ऊंचे दाम पर बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। सभी आरोपी तमिलनाडु के मदुरई जिले के निवासी हैं। इनकी पहचान रवि कुमार (54), ए. मुनियांडी (41), सुरेंद्र प्रसाद (36) और सल्वा गनेश (34) के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन आरोपियों को तिजारा, अलवर निवासी आदिल पुत्र अयूब ने बुलाया था, जो फिलहाल फरार है। आरोपी अंग्रेजी और तमिल भाषाओं में निपुणता के चलते विभिन्न राज्यों के लोगों को आसानी से झांसे में ले लेते थे। वे फेसबुक और व्हाट्सएप पर पुराने सिक्कों के पंजीकरण के नाम पर फर्जी खातों और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मंगवाते थे।

कठूमर में मिठाई के बॉक्स के बहाने ऑनलाइन ठगी

कठूमर थाना क्षेत्र में थानाधिकारी महेश तिवाड़ी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पकड़ा गया है। यह आरोपी व्हाट्सएप पर मिठाई के डिब्बों की आकर्षक तस्वीरें, नकली बिल और डिलीवरी के फोटो भेजकर लोगों को फंसाता था। वह क्यूआर कोड के जरिए पैसे अपने खाते में डलवाकर ठगी करता था। पुलिस ने उससे एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है।

पुलिस का कड़ा संदेश और जनता से अपील

अलवर पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी है। यह अभियान जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और जनता को ऑनलाइन ठगी से बचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

राजस्थान पुलिस की अपील
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान ऑफर पर क्लिक करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें और जांच जरूर करें, ताकि खुद को साइबर ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts