अलवर शहर में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एएसआई मोर मुकुट को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि प्रताप बंद की झाड़ियों में एक युवक प्लास्टिक के कट्टे में अवैध शराब लेकर बैठा है और बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वहां मौजूद युवक को दबोच लिया।
पुलिस ने जब प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली तो उसमें से 51 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद हुई। पूछताछ में युवक की पहचान महेंद्र पुत्र झमन लाल के रूप में हुई, जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष है और वह जाति से कोली है। महेंद्र अलवर के मोहल्ला शयोलालपुरा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और अवैध शराब को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है, ताकि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह शराब कहां से लाता है और किन लोगों को बेचता है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।















