अलवर जिले के समीप ततारपुर चौराहे से बानसूर की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित कोलाण की घाटी में बुधवार सुबह एक खल से भरा ट्रक ब्रेक फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही ततारपुर थाने के हैड कांस्टेबल हंसराज यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।हैंड कांस्टेबल यादव ने बताया कि ट्रक केकड़ी से खल भरकर खैरथल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कोलाण की घाटी में पहुंचा, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए और ट्रक पलट गया।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर सड़क पर बिखरी खल की बोरियों को हटाया, जिससे यातायात बहाल हो सका। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।















