अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित डी-मार्ट में हवाई हमले की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला और पुलिस अधीक्षक संजीव नैन सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए और तत्काल बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीमों ने युद्ध जैसी स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और घायलों को त्वरित इलाज मुहैया कराने का अभ्यास किया। इस अभ्यास के जरिए यह दिखाया गया कि आपातकालीन स्थिति में प्रशासन कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है। कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने बताया कि यह ड्रिल सिर्फ सरकारी विभागों के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी जरूरी है ताकि वे संकट के समय सही प्रतिक्रिया दे सकें। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और संपूर्ण अभ्यास को गंभीरता से अंजाम दिया गया।















