अलवर,राज्य सरकार अपने पहले वर्ष की सफलता का जश्न मना रही है, वहीं अलवर शहर के काला कुआं सेक्टर 2 में स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क का निर्माण तो किया जा रहा है, लेकिन इसमें जगह-जगह सड़क चौड़ी की गई तो कहीं पर इसे संकीर्ण किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
एक स्थानीय महिला ने बताया कि इस मामले में अधिकारी भी मौके पर निरीक्षण करने आए थे, लेकिन उनकी शिकायतों को नकारते हुए यह कहा कि यह सड़क बनाने का उनका काम नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। कई जगहों पर वर्षों तक सड़क निर्माण नहीं किया जाता, जबकि कुछ क्षेत्रों में रातों-रात सड़कें तैयार कर दी जाती हैं। अब देखना यह होगा कि क्या सरकार इस मामले में कोई कार्रवाई करती है, या यह मामला जैसे पहले होता आया है, वैसे ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा।















