बाँदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के पतौरा गांव में प्रसव के दौरान एक 23 वर्षीय युवती और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी है।
जानकारी के अनुसार पतौरा गांव निवासी राजाबाई पत्नी सोनू गुरुवार को प्रसव पीड़ा से परेशान थी। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके कुछ ही देर बाद राजाबाई की हालत अचानक बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस घर ले आए।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता मौके पर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसे साजिश के तहत मार डाला गया है। पिता का आरोप है कि पहले बच्चे की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी और इस बार भी लापरवाही या प्रताड़ना के चलते राजाबाई की जान गई है।
सूचना पर पहुंची गिरवां थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मृतका के पति ने बताया कि उसने तीन साल पहले राजाबाई से प्रेम विवाह किया था। उनका एक बच्चा पहले भी हुआ था, जिसकी मौत हो चुकी है। दूसरी बार प्रसव के दौरान पत्नी और नवजात दोनों की मौत ने उसकी पूरी दुनिया उजाड़ दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।















