अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी (अजित गुट) की अहम बैठक, सुनेत्रा पवार बनेंगी नई राष्ट्रीय अध्यक्ष.

अजित पवार के निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। पिछले महीने बारामती में हुए एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद से पार्टी प्रमुख का पद खाली चल रहा था। हालांकि हादसे के कुछ ही दिनों बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली थी, लेकिन संगठनात्मक स्तर पर नेतृत्व को लेकर औपचारिक निर्णय अब लिया जा रहा है।पार्टी सूत्रों के अनुसार 28 जनवरी को हुए विमान हादसे के बाद संगठन में शोक और अनिश्चितता का माहौल था, जिसे देखते हुए वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बनाई। महायुति गठबंधन के सहयोगी दलों ने भी उनके नाम का समर्थन किया है, जिससे उनके अध्यक्ष बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सार्वजनिक रूप से यह मांग की थी कि संगठन को स्थिरता और दिशा देने के लिए जल्द से जल्द नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जाए।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी सहानुभूति लहर को संगठनात्मक मजबूती में बदलने की कोशिश करेगी। आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा से जुड़े राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक में संगठन के पुनर्गठन, प्रदेश इकाइयों में बदलाव और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। इस घोषणा के साथ ही एनसीपी (अजित गुट) में नए नेतृत्व अध्याय की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।

बारामती सीट पर निर्विरोध चुनाव की तैयारी

बारामती से विधायक अजित पवार के निधन से खाली हुई इस विधानसभा सीट पर जल्द ही उपचुनाव होने की संभावना है. इस सीट से सुनेत्रा पवार को एनसीपी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने की तैयारी है. पार्टी इस उपचुनाव को निर्विरोध कराने को लेकर कोशिश में जुटी है. अजित पवार के प्रति सम्मान और राजनीतिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है.राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी संकेत दिए हैं कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह चुनाव निर्विरोध होना चाहिए. पार्टी की आज की बैठक को संगठनात्मक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को औपचारिक रूप मिलेगा और आगामी उपचुनाव की रणनीति भी स्पष्ट होगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts