रामगढ़। नगर पालिका रामगढ़ एवं नोगावां में राज्य सरकार द्वारा विधायक की अभिशंषा पर पैनल अधिवक्ताओं की नियुक्ति किए जाने पर रामगढ़ के अधिवक्ताओं में उत्साह देखा गया। रामगढ़ अभिभाषक संघ के अध्यक्ष चरणजीत सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विधायक कार्यालय पर पहुंचकर विधायक सुखवंत सिंह का मुंह मीठा कराकर स्वागत एवं सम्मान किया। अधिवक्ताओं ने इस नियुक्ति को विधि क्षेत्र के लिए सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे न्यायिक कार्यों में गति मिलेगी और स्थानीय अधिवक्ताओं को भी प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के प्रति भी संतोष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार प्रकट किया। विधायक ने भी अधिवक्ताओं के सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है और अधिवक्ताओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।
विधायक सुखवंत सिंह ने अपने कार्यालय पर क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हर वर्ग की समस्याओं का समाधान कराना उनका कर्तव्य है और वे इसके लिए निरंतर प्रयासरत हैं।कार्यक्रम में अभिभाषक संघ अध्यक्ष चरणजीत सिंह के साथ अधिवक्ता लाखन शर्मा, संजय, अविनाश, रोहितास, दिनेश बंसल, रामगढ़ मंडल अध्यक्ष भगवान सैनी, गोविंद सैनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















