मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र में सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान जौली गंग नहर की अनूपशहर कांवड़ पटरी मार्ग पर अचानक कटान होने से प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। जौली-खेड़ी फिरोजाबाद मार्ग पर हुए इस कटान की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सिंचाई विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद नहर का पानी तत्काल बंद करा दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से कांवड़ियों और राहगीरों के लिए संभावित बड़ा हादसा टल गया।
यह मार्ग बुलंदशहर, मेरठ, मवाना समेत कई क्षेत्रों के हजारों कांवड़ियों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मेरठ से सिंचाई विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और कटान की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया। इंजीनियरों और कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से को भरने तथा नहर पटरी को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर कटान वाले क्षेत्र की घेराबंदी कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसडीएम जानसठ रश्मि लांबा ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि कांवड़ यात्रा और आवागमन सुरक्षित एवं सुचारू रूप से जारी रहे।























































