सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दिव्यांगजनो को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित

मुजफ्फरनगर में शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के क्रम में विकास भवन सभागार में दिव्यांगजनो को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडाकर कमल किशोर देशभूषण ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पर्व पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में दिव्यांगजनो को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी भी तरह का अभिशाप नहीं है, बल्कि दिव्यांगजन अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। सरकार उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग को समान अवसर देने और योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य कर रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाएंगे। जो लोग सुनने में अक्षम हैं, उनके लिए भी विशेष शिविर आयोजित कर उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा आज के कार्यक्रम में अनेक दिव्यांगजनों को उपकरण दिए गए हैं, जिनसे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर दिव्यांगजनो को 39 स्मार्ट केन, 41 व्हीलचेयर और 4 जोड़ी बैसाखियां वितरित की गईं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दिव्यांगजनों का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्य विकास अधिकारी कंडाकर कमल किशोर देशभूषण ने भी इस पहल की सराहना की और इसे दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल सहायक उपकरण वितरण तक सीमित रहा, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करने वाला रहा। सेवा पखवाड़ा का यह कार्यक्रम जनपद में सकारात्मक संदेश छोड़ने वाला सिद्ध हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts