राजगढ़ के समीपवर्ती पिनान क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अलवर ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बिजली विभाग के जेईएन तेजसिंह के दलाल फूलसिंह को 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को जेईएन तेजसिंह पिनान जीएसएस से जुड़े मामले में परिवादी के घर पहुंचा और उस पर मंदिर में बिना मीटर के विद्युत कनेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए धमकाया। उसने परिवादी से कहा कि यदि वह तुरंत 30 हजार रुपये नहीं देगा तो उसके खिलाफ एक लाख रुपये की वीसीआर (विवादित कनेक्शन रिपोर्ट) बना दी जाएगी।
परिवादी ने स्पष्ट किया कि मंदिर में लगाई गई लाइट उनके घर के इन्वर्टर से जुड़ी है और घर का अलग कनेक्शन लिया हुआ है। इसके बावजूद जेईएन ने दबाव बनाते हुए मौके पर ही 5 हजार रुपये ले लिए और शेष 25 हजार रुपये अगले दिन तक लाने की धमकी दी। परेशान होकर परिवादी ने एसीबी से शिकायत दर्ज कराई।
एसीबी की टीम ने प्रथम उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरवीजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार टीएलओ के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई करते हुए दलाल फूलसिंह को परिवादी से 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। इस दौरान जेईएन तेजसिंह को कार्रवाई की भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया।
एसीबी दल ने आरोपी दलाल को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। देर रात तक कार्रवाई जारी रही और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ एसीबी की सख्त कार्यशैली का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।















