औरैया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस को जिलेभर में बड़े उत्साह और विविध आयोजनों के साथ मनाया गया। 7 जुलाई से प्रारंभ हुए कार्यक्रमों की श्रृंखला 13 जुलाई तक चलेगी। 9 जुलाई को विद्यार्थी दिवस की पूर्व संध्या पर और मुख्य दिवस पर संगोष्ठी, खेल प्रतियोगिता, वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
शकुंतला देवी विद्यालय में संगोष्ठी और गायत्री नगर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। प्रातः तिलक महाविद्यालय में संगोष्ठी और देवकली मंदिर परिसर स्थित तिलक ग्राउंड में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। मुख्य समारोह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दिबियापुर में सम्पन्न हुआ, जिसमें परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता व जिला महामंत्री शिव सिंह भारती, प्रांत सह मंत्री चित्रांशु सिंह, नगर अध्यक्ष डॉ. योगेश मिश्रा, अध्यक्षता कर रहे डॉ. श्याम गुप्ता और मंच संचालन कर रहे अक्षत द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में शिव सिंह भारती ने परिषद के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि “छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।” वहीं मुख्य वक्ता चित्रांशु सिंह ने कहा, “छात्र केवल कल का नहीं, आज का भी नागरिक है। ABVP ने छात्र हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी प्रभावी भूमिका निभाई है।”
समापन पर डॉ. योगेश मिश्रा ने ABVP को शिक्षा और समाज सेवा में सक्रिय संगठन बताते हुए युवाओं से इसमें जुड़ने का आह्वान किया। आगामी सप्ताह में जिलेभर में सफाई अभियान, मेडिकल कैंप, वृद्धाश्रम में फल वितरण, निबंध प्रतियोगिता एवं रक्तदान शिविर जैसे सेवा कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री चित्रांशु, विभाग संयोजक सुदीप चौहान, सह संयोजक आयुष शुक्ला, जिला प्रमुख डॉ. अंशुल दुबे, जिला संयोजक भानु प्रताप, नगर मंत्री मणि चौहान, श्याम अवस्थी, राजगुरु चौहान, प्रियम मिश्रा, अजहर दुबे, आशुतोष कुमार, आरवन राय सहित अनेक कार्यकर्ता व छात्र मौजूद रहे।















