मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त कैलेंडर के अनुसार, जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष, डॉ. अजय कुमार-II के कुशल निर्देशन में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु एक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस रैली में लोक अदालत का प्रचार करने के लिए वाहनों और मोटरसाइकिलों का उपयोग किया गया। रैली जिला न्यायालय से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः जिला न्यायालय में समाप्त हुई। इसमें समस्त पीएलवी ने भाग लिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, रितिश सचदेवा ने जानकारी दी कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 8 मार्च 2025, द्वितीय शनिवार को विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। यह आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली और कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में होगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक मामलों, 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिका, टेलीफोन, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद तथा सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।















