हर घर तिरंगा अभियान का भव्य शुभारंभ, घर-घर गूँजेगी देशभक्ति की भावना

मुजफ्फरनगर। यशस्वी एवं लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लखनऊ स्थित 5, कालीदास मार्ग आवास से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (13 से 15 अगस्त 2025) का हरी झंडी दिखाकर भव्य शुभारंभ किया। यह अभियान स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभर में देशभक्ति का माहौल बनाने और नागरिकों में तिरंगे के प्रति गर्व एवं सम्मान की भावना को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस ऐतिहासिक और गरिमामयी अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अभियान को नई गति प्रदान की।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह करोड़ों भारतीयों के हृदय में देशभक्ति की ज्योति प्रज्वलित करने का विराट राष्ट्रीय संकल्प है। यह हमें उन अमर शहीदों की याद दिलाता है, जिन्होंने हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता को स्वतंत्रता का वरदान दिया। तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज भर नहीं, बल्कि यह हमारे आत्मसम्मान, स्वतंत्रता, त्याग और बलिदान का अमर प्रतीक है, जिसकी शान और गौरव सदा अक्षुण्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि तिरंगे की महिमा को समझना और उसे सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, क्योंकि यह हमारे अस्तित्व, हमारी पहचान और हमारे गर्व का प्रतीक है।उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व और प्रेरणादायी मार्गदर्शन में यह अभियान घर-घर में तिरंगे की गरिमा और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा का संदेश पहुँचाएगा। यह केवल ध्वज फहराने का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक जन-जन को जोड़ने वाली भावनात्मक कड़ी है, जो देश के हर कोने में एकता और अखंडता का संदेश देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को यह बताना है कि तिरंगा हमारे राष्ट्रीय अस्तित्व की पहचान है और इसे सम्मानित रखना हम सबका धर्म है।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें और अपने घरों, कार्यालयों तथा प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को और अधिक ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त के दौरान हर गली, मोहल्ले और गाँव में तिरंगे की शान लहरनी चाहिए, ताकि 15 अगस्त को जब राष्ट्रगान गूँजे, तो देशभक्ति की भावना घर-घर और हृदय-हृदय में संचारित हो।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए संकल्प लिया कि वे तिरंगे के सम्मान और संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान न केवल स्वतंत्रता दिवस की महत्ता को पुनर्जीवित करता है, बल्कि यह हमें यह भी याद दिलाता है कि आज़ादी की इस विरासत को हमें गर्व और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाना है। आने वाले दिनों में यह पहल निश्चित रूप से पूरे प्रदेश में देशभक्ति के नए रंग बिखेरेगी और एक सशक्त, संगठित और गर्वित भारत की तस्वीर दुनिया के सामने पेश करेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts