राजगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई

राजगढ़ पंचायत समिति के सकट क्षेत्र स्थित नारायणपुर गांव में मुरली मनोहर मंदिर पर आयोजित होने वाले 23वें श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से पूर्व बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस पावन यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा सकट कस्बे के श्री बांके बिहारी मंदिर से विधिवत ध्वज पूजन और मंगल कलशों के साथ आरंभ हुई। बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच यात्रा सकट के प्रमुख मंदिरों—श्री सीताराम जी, चौथ माता, चतुर्भुज नाथ, रघुनाथ जी, थाई वाले हनुमान जी, नदी वाले गणेश जी—की परिक्रमा करते हुए दो किलोमीटर की दूरी तय कर नारायणपुर गांव स्थित यति महाराज के आश्रम पर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु हाथों में ध्वज पताकाएं लेकर जयकारे लगाते हुए आगे-आगे चल रहे थे, वहीं महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजनों की भक्ति रसधारा में डूबी नजर आईं।

श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 3 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। हवन यज्ञ प्रतिदिन सुबह 7 से 9 और शाम 5 से 7 बजे तक सम्पन्न होगा।

कार्यक्रम का समापन 10 जुलाई को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। इसी दिन ब्रह्मलीन श्री यति दामोदर दास महाराज की पुण्यतिथि एवं गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा।

कलश यात्रा में नारायणपुर के अलावा सकट, जोनेटा, मंडावरी, थमावली, नाथलवाडा, राजपुर बड़ा, बीधोता, करनावर सहित कई गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts