मुजफ्फरनगर में सेवा, सुरक्षा और सुशासन मेले का भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मेले के द्वितीय दिन माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कुंभ मेले और महिला सुरक्षा एवं विकास से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रसारण किया गया, जिसे मंत्री समेत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने देखा। मंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह मेला नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी, स्टॉल, फूड कोर्ट, आरोग्य मेला, ऋण वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंत्री ने बताया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और महिला सुरक्षा के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाएं उन्हें आत्मनिर्भर बना रही हैं और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ रही है।

इस दौरान महिलाओं के साथ पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। मंत्री ने शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया, साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।

मेले में स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रामायण पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की, जबकि विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इन प्रस्तुतियों की सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के राजीव कुमार और स्काउट गाइड के भारत भूषण ने किया। इस अवसर पर मीरापुर विधायक मिथलेश पाल, खतौली विधायक मदन भैया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts