राजगढ़ में कबाड़ी की दुकान में भीषण आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

राजगढ़ कस्बे के पुराने बस स्टैंड के पास बीती मध्य रात्रि उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कबाड़ी की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग किस कारण से लगी, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में कबाड़ में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को अलर्ट किया गया।

अग्निशमन विभाग के कर्मी रतीराम ने बताया कि रात को पुलिस थाने से सूचना मिली कि पुराने बस स्टैंड के समीप कबाड़ी की दुकान में आग लग गई है। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग ने विकराल रूप ले लिया था और दुकान के भीतर धुआं व आग की तेज लपटें उठ रही थीं। तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार शुरू की और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

गनीमत यह रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची, वरना नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। दमकल टीम की तत्परता और समय पर पहुंचने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दौरान स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौके पर जुट गए और दमकल कर्मियों के साथ सहयोग करते नजर आए। आग बुझाने के बाद दुकान में पड़ा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

घटना के बाद राजगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर आग लगने के कारणों में शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ की चिंगारी को माना जा रहा है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में आग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts