बांदा। पैलानी तहसील के जसपुरा ब्लॉक के ग्राम सिंधनकला को योगी सरकार ने ऐसी सौगात दी है, जिसकी चर्चा पूरे बुंदेलखंड में हो रही है। गांव में 24 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा।अब गांव के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चों को अच्छी पढ़ाई के लिए शहर भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधा अब सरकारी स्कूल में, वो भी बिल्कुल निःशुल्क मिलेगी। शासन ने कुल बजट की 50 प्रतिशत राशि यानी 12 करोड़ 39 लाख रुपये की पहली किस्त अवमुक्त कर दी है। पैसा जारी होते ही निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है।निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड को दी गई है, ताकि काम में गुणवत्ता रहे और समय पर पूरा हो। इस मॉडल स्कूल में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई एक ही परिसर में होगी। स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल बोर्ड लगेंगे। कंप्यूटर लैब और विज्ञान की मॉड्यूलर प्रयोगशालाएं होंगी। समृद्ध पुस्तकालय के साथ बड़ा खेल मैदान होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुंदेलखंड के पिछड़े माने जाने वाले इस इलाके में यह स्कूल मील का पत्थर साबित होगा। अब गांव की प्रतिभा पैसों की कमी से पीछे नहीं रहेगी। निजी स्कूलों की महंगी फीस का बोझ भी कम होगा। योगी सरकार ने शिक्षा की जो अलख जगाई है, वो हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवार देगी।















