शादी का सीजन शुरू होते ही भारी लहंगे, कढ़ाईदार साड़ियां, स्टाइलिश ज्वैलरी और ऊंची हील्स पहनने का चलन बढ़ जाता है। खूबसूरत दिखने की चाह में लोग घंटों तक भारी कपड़े और असहज फुटवियर पहने रहते हैं, लेकिन इसका असर शरीर की सेहत पर पड़ सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, लंबे समय तक भारी कपड़े पहनने, ऊंची हील्स में चलने और गलत पॉश्चर के कारण कमर, गर्दन, कंधों और पैरों में दर्द की समस्या हो सकती है। ऊंची हील पहनने से शरीर का वजन आगे की ओर खिसक जाता है, जिससे संतुलन बनाए रखने के लिए कूल्हों और कमर की स्थिति बदलती है। इससे पीठ की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ता है। हील जितनी ऊंची होगी, पिंडलियों में खिंचाव, पैरों में दर्द और कमर की परेशानी का खतरा भी उतना ही अधिक होगा। वहीं पुरुषों के टाइट और आगे से नुकीले जूते भी पैरों की उंगलियों में दर्द और सूजन का कारण बन सकते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तीन इंच से अधिक ऊंची हील पहनने से टखना मुड़ने का खतरा बढ़ जाता है, खासकर असमान जमीन या ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर।
भारी कढ़ाई वाले लहंगे, साड़ियों और गाउन के साथ ज्वैलरी का वजन पांच से दस किलो तक पहुंच सकता है। इतने वजन के कारण कंधों, गर्दन और कमर पर दबाव पड़ता है तथा मांसपेशियों में थकान होने लगती है। इसके अलावा टाइट शेपवियर और बॉडी कॉर्सेट पेट पर दबाव डालकर एसिडिटी और पाचन संबंधी परेशानी बढ़ा सकते हैं। डॉक्टरों की सलाह है कि शादी समारोह में चौड़े आधार वाली आरामदायक हील पहनें, बीच-बीच में फुटवियर बदलें और भारी कपड़ों के साथ अतिरिक्त वजन वाला हैंडबैग न रखें। बैठते और चलते समय कमर सीधी, ठुड्डी ऊपर और कंधे ढीले रखें। विशेषज्ञों के मुताबिक, कभी-कभार भारी कपड़े या हील पहनने से रीढ़ की हड्डी को स्थायी नुकसान नहीं होता, लेकिन पहले से कमर या गर्दन की समस्या होने पर तकलीफ बढ़ सकती है। फैशन के साथ शरीर की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है, ताकि शादी की खुशियां दर्द में न बदलें।















