कर्मचारी भविष्य निधि संगठन EPFO का नया प्लान अगर लागू हुआ तो 6.3 लाख कर्मचारियों को फायदा पहुंचाएगा। इसके तहत रिटायरमेंट के बाद EPF का पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय अब हर महीने किस्तों में लेने का विकल्प मिल सकता है।इसके तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के मुताबिक हर महीने, तीन महीने या साल में एक बार पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे। खाते में बची रकम पर पहले की तरह ब्याज भी मिलता रहेगा।टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईपीएफओ इस प्रस्ताव को 19 नवंबर को होने वाली सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में चर्चा के लिए रख सकता है। इसके लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) तैयार करने पर विचार किया जा रहा है।
तीन तरह से पैसा निकालने का मिल सकता है विकल्प
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी रिटायरमेंट के समय अपनी पूरी पीएफ रकम निकालने के बजाय कुछ हिस्सा खाते में छोड़ सकेंगे। इसके बाद जरूरत के हिसाब से हर महीने, तिमाही या सालाना पैसा निकालने की सुविधा मिल सकती है। कर्मचारी चाहें तो कुछ रकम एकमुश्त निकालकर बाकी पैसे को खाते में रख सकते हैं। इस रकम पर ब्याज मिलता रहेगा।
6.3 लाख कर्मचारियों को मिल सकता है फायदा
रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.3 लाख EPFO सदस्यों को इस व्यवस्था का फायदा मिल सकता है। इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी एक साथ खर्च करने के बजाय लंबे समय तक इस्तेमाल करने का विकल्प मिलेगा।
गिग वर्कर्स को भी जोड़ने की तैयारी
EPFO असंगठित क्षेत्र के कामगारों और गिग वर्कर्स को भी भविष्य निधि से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। इसके तहत ऐसे कामगारों को बिना किसी इंप्लायर की मदद के डिजिटल माध्यम से अपने PF खाते में खुद योगदान करने की सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, यह प्रस्ताव अभी विचार के स्तर पर है। CBT की मंजूरी और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही इस व्यवस्था को लागू किया जा सकेगा।
रिटायरमेंट के बाद हर महीने मिलेगी 41,822 रुपये पेंशन
रिटायरमेंट के समय अगर आपके EPF खाते में 50 लाख रुपये जमा हैं तो इस रकम को अलग-अलग विकल्पों में निवेश करके हर महीने नियमित आमदनी हासिल की जा सकती है। एक तुलना के मुताबिक, SWP, बैंक FD और कमर्शियल एन्युटी में निवेश करने पर मिलने वाली मासिक रकम में बड़ा अंतर है।
50 लाख रुपये के निवेश पर 20 साल का हिसाब
EPF SWP: 8% सालाना रिटर्न के अनुमान पर हर महीने 41,822 रुपये मिलेंगे। 20 साल में कुल भुगतान करीब 1 करोड़ रुपये होगा।
बैंक FD: 7% ब्याज दर के आधार पर टैक्स के बाद प्रभावी ब्याज दर 4.82% मानी गई है। इससे हर महीने 32,492 रुपये मिलेंगे। 20 साल में कुल पेमेंट 78 लाख रुपये होगा।















