बांदा। दीपावली के पावन पर्व पर बांदा के मां केन आरती स्थल घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। शाम होते ही हजारों भक्तों ने अपने हाथों से दीप जलाकर पूरा घाट सजा दिया। हजारों दीपों की रोशनी में केन नदी का पानी सोने की तरह चमक उठा। ऐसा लगा मानो मां केन के तट पर अयोध्या उतर आई हो। भक्तों ने हजारों दीप मां केन नदी में प्रवाहित किए। दीपों की जगमगाहट, भजन-कीर्तन, राम धुन और महाआरती के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूरा घाट जय श्री राम जय मां केन के जयकारों से गूंज उठा।इस अवसर पर प्रभु श्री राम की भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। भगवान श्री राम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में भक्तों ने दीप जलाकर राम जी का स्वागत किया।आयोजक महेश कुमार प्रजापति ने कहा आयोजक महेश कुमार प्रजापति, जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं जिला संयोजक गंगा समग्र, कानपुर प्रांत बांदा ने अपने उद्बोधन में कहा, आज दीपावली के पावन पर्व पर मां केन के तट पर हजारों दीप जलाकर हमने प्रभु श्री राम का स्वागत किया है।
जैसे त्रेतायुग में अयोध्या में दीप जले थे, वैसे ही आज बांदा के केन घाट पर दीप जले हैं। उन्होंने कहा, मैं सभी भक्तों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने घर की दीपावली छोड़कर मां केन के घाट पर आकर दीप जलाया। यही सच्ची सनातन संस्कृति है। हमारा संकल्प है, मां केन को निर्मल रखना, गौ माता की रक्षा करना और प्रभु श्री राम के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाना। दीप केवल मिट्टी का दीपक नहीं, यह अंधकार पर प्रकाश की जीत है, अधर्म पर धर्म की जीत है।बांदा के सभी लोगों से अपील की, हर वर्ष दीपावली पर एक दीप अपने घर के लिए और एक दीप मां केन और गौ माता के लिए जरूर जलाएं।इस दौरान सुनील सक्सेना, जिला सह प्रभारी आलोक कुमार निगम, जिला उपाध्यक्ष शुतकीर्ति गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, जिला अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ दीपक शुक्ला, जिला मंत्री शैलेंद्र सिंह, जिला मंत्री विनय गुप्ता, नगर अध्यक्ष मटौंध मनुज त्रिपाठी, लोहा सिंह, जिला प्रचार मंत्री रजनीश प्रजापति आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।















