बांदा। कालिंजर थाना क्षेत्र के तरहटी कालिंजर गांव में शादी का रिश्ता टूटने से आहत 18 वर्षीय युवती की जहर खाने से मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार तरहटी कालिंजर गांव निवासी देवशरण कुशवाहा की छोटी पुत्री कोयल (18) ने गुरुवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसके दो सगे भाई भी हैं।परिजनों के अनुसार कोयल का बांदा कस्बा निवासी युवक नीरज से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
दोनों के बीच शादी की बातचीत चल रही थी और बालिग होने का इंतजार किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि बालिग होने के बाद जब शादी की बात की गई तो युवक ने इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर कोयल ने यह कदम उठाया। वहीं इस मामले में कालिंजर थानाध्यक्ष दारा सिंह का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।














