इंडोनेशिया में 243 यात्रियों वाला जहाज लापता; 6 की मौत, 97 बचाए गए.

इंडोनेशिया के जावा सागर में एक यात्री फेरी खराब मौसम के बीच लापता हो गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 97 लोगों को बचा लिया गया है. बाकी यात्रियों की तलाश अभी जारी है. यह फेरी Virgo Transport 8 थी और इसमें कुल 243 लोग सवार थे. जहाज शनिवार को सुबह 10:33 बजे सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था. इसे रविवार दोपहर 2 बजे बंजारमासिन पहुंचना था.रविवार रात करीब 2 बजे जहाज से संपर्क टूट गया. उस समय फेरी बंजारमासिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण में थी. अधिकारियों को जहाज की ऑपरेटर कंपनी PT Virgo से सुबह 4:10 बजे पहली बार मदद की सूचना मिली. बताया गया कि खराब मौसम के कारण जहाज मुश्किल में फंस गया था.

जहाज और हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू जारी

हादसे के बाद इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी, नौसेना, समुद्री पुलिस और दूसरी एजेंसियों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया. मौके पर कई जहाज और एक हेलिकॉप्टर भेजे गए हैं. जावा सागर में आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी यात्रियों की तलाश में मदद करने और किसी यात्री के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है. हादसे की जानकारी और बचाव अभियान के लिए रविवार सुबह त्रिसक्ति पोर्ट इलाके में एक ऑपरेशन सेंटर बनाया गया.बंजारमासिन की रहने वाली रुस्मिलावती अपने 8 रिश्तेदारों की जानकारी लेने बंदरगाह पहुंचीं. उनके रिश्तेदार जावा में कई इस्लामी विद्वानों की कब्रों पर जाने के बाद जहाज से बंजारमासिन लौट रहे थे. परिवार को आखिरी बार एक रिश्तेदार का वॉट्सऐप स्टेटस मिला था. इसमें उसने समुद्र की तेज लहरों को लेकर डर जताया था. रविवार दोपहर तक परिवार को उनके सुरक्षित होने की जानकारी नहीं मिली थी.

इंडोनेशिया में 17 हजार से ज्यादा द्वीप

इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक दूसरी फेरी में आग लगने से 5 लोगों की मौत हुई थी. इंडोनेशिया में 17 हजार से ज्यादा द्वीप हैं और यहां फेरी आम यातायात का प्रमुख साधन हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts