उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार द्वीप का उपराज्यपाल बनाया गया है. फिलहाल वह राज्यसभा सांसद हैं, जिनका राज्यसभा का कार्यकाल अगले हफ्ते खत्म हो रहा है.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है. यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी.बीजेपी ने सितंबर 2023 में दिनेश शर्मा को यूपी की एकमात्र राज्यसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उम्मीदवार घोषित किया था. यह सीट जून 2023 में हरिद्वार दुबे के निधन के बाद खाली हुई थी.
योगी सरकार के पहले कार्यकाल में बने थे डिप्टी सीएम
दिनेश शर्मा को अगस्त 2014 में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था. वह 2017-22 के बीच योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार के पहले कार्यकाल में दो उप मुख्यमंत्रियों में से एक थे. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस का करीबी माना जाता है. इसके अलावा वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी करीबी रहे हैं.
लखनऊ के रह चुके हैं मेयर
वह लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और नवाबों के शहर लखनऊ के महापौर रह चुके हैं. वह साल 2008 में पहली बार लखनऊ के मेयर चुने गए थे और 2012 में फिर से मेयर बने थे.दिनेश शर्मा को बीजेपी द्वारा 2014 के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद गुजरात का प्रमुख बनाया गया था.
अजीबोगरीब बयान को लेकर बटोरी थी सुर्खियां
साल 2018 में दिनेश शर्मा अपने अजीबोगरीब बयान को लेकर खूब चर्चा में रहे थे. उन्होंने मथुरा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि माता सीता का जन्म मिट्टी के बर्तन से हुआ था यानी उस समय भी टेस्ट ट्यूब से बच्चे पैदा हुआ करते थे. उन्होंने कहा था कि सीता जी टेस्ट ट्यूब बेबी हो सकती हैं यानी रामायण के समय में भी टेस्ट ट्यूब बेबी की तकनीक रही होगी.























































