मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भारतीय संस्कृति, ऋषि परंपरा और महापुरुषों के गौरव को जन-जन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में ऐतिहासिक कस्बे जानसठ में भगवान महर्षि कश्यप की भव्य प्रतिमा एवं स्मारक परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से विकसित होने वाली इस परियोजना का भूमि पूजन किया गया। समारोह में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह स्मारक केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और गौरवशाली ऋषि परंपरा का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप की इतनी विशाल और भव्य प्रतिमा पूरे भारत में कहीं नहीं है। स्मारक के निर्माण से आने वाली पीढ़ियां महर्षि कश्यप के तप, ज्ञान और योगदान से परिचित हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों और ऋषियों को सम्मान देने के साथ उनके स्मृति स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दे रही है। इससे जानसठ को सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ श्रद्धालुओं, पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों की आवाजाही बढ़ेगी। स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी गति मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधियों और दंगाइयों के खिलाफ सरकार की स्पष्ट नीति है। गठबंधन की राजनीति पर उन्होंने कहा कि यह विश्वास, बराबरी और सम्मान के आधार पर चलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जानसठ का महर्षि कश्यप स्मारक भविष्य में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।























































