बीएसए संदीप कुमार ने सदर ब्लॉक के पांच परिषदीय विद्यालयों का किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने ब्लॉक सदर के पांच परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता, पेयजल और शैक्षिक गुणवत्ता की स्थिति देखी गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय मखियाली में पंजीकृत 478 बच्चों के सापेक्ष 345 बच्चे उपस्थित मिले। कुछ शिक्षिकाएं आकस्मिक अवकाश, बाल्य देखभाल अवकाश तथा शिक्षामित्र अवैतनिक अवकाश पर पाए गए। विद्यालय में शौचालय, हैंडपंप व सबमर्सिबल क्रियाशील मिले और एमडीएम निर्धारित मेन्यू के अनुसार बन रहा था। प्राथमिक विद्यालय चांदपुर-2 में 55 में से 25 बच्चे उपस्थित मिले। यहां टेबलेट का उपयोग बच्चों की उपस्थिति और आवश्यक रजिस्टर अपलोड करने में नहीं किए जाने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उच्च प्राथमिक विद्यालय चांदपुर में 103 में से 73 बच्चे उपस्थित मिले। साफ-सफाई और कक्षाओं में निपुण लक्ष्य तालिका चस्पा करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय हरीनगर में 106 में से 46 बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापिका ने रक्षाबंधन पर्व के कारण कम उपस्थिति बताई। प्राथमिक विद्यालय रुस्तमगढ़ में 152 में से 55 बच्चे उपस्थित मिले। यहां भी रक्षाबंधन के कारण कई बच्चों के बाहर जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण में अधिकांश विद्यालयों की भौतिक स्थिति एवं शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक मिली। बीएसए ने आवश्यक सुधार के लिए संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts