मुजफ्फरनगर के रामलीला टीला क्षेत्र में दलित परिवार की नाबालिग बेटी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद बुधवार को नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पालिका अध्यक्ष ने घटना को बेहद गंभीर, निंदनीय और चिंताजनक बताते हुए कहा कि नाबालिग के साथ इस तरह का अपराध किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अन्य आरोपियों और संबंधित संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। मीनाक्षी स्वरूप ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में शासन-प्रशासन और समाज उनके साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।























































