मुजफ्फरनगर में वित्तीय वर्ष 202627 के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु किसानों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में आयोजित ई-लॉटरी में रोटावेटर, हैरो, लेजर लैंड लेवलर, सुपर सीडर, किसान ड्रोन, मल्वर, एमबी प्लाऊ, कल्टीवेटर, रीपर कंबाइंडर, कंबाइन हार्वेस्टर तथा कस्टम हायरिंग सेंटर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों को चयनित किया गया।
चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चयन का संदेश स्वतः भेजा गया है। किसानों को निर्धारित अवधि में कृषि विभाग के पोर्टल पर बिल अपलोड करना होगा, अन्यथा उनका चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पीएनबी तथा कृषि विज्ञान केंद्र बघरा के प्रतिनिधियों सहित किसान मौजूद रहे। चयनित किसान किसी समस्या के समाधान के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।























































