मुजफ्फरनगर।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चरथावल ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अमीगढ़ का निरीक्षण किया। कस्तूरबा विद्यालय में 48 में से 45 बालिकाएं उपस्थित मिलीं, जबकि पूर्णकालिक शिक्षिका लक्ष्मी आकस्मिक अवकाश पर थीं। वार्डन को बिना अनुमति स्टाफ को अवकाश न देने और भोजन, स्वच्छता, सीसीटीवी, स्मार्ट क्लास तथा बिजली उपकरणों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय अमीगढ़ में 21 में से 18 बच्चे उपस्थित मिले और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। प्राथमिक विद्यालय दिलीपपुरा में 34 में से 31 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि प्रधान अध्यापिका मातृत्व अवकाश पर थीं। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदपुर कला में 279 में से 274 विद्यार्थी उपस्थित मिले और व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय बधाई कला में सहायक अध्यापिका शालिनी कुश अनुपस्थित मिलीं तथा 291 में से केवल 180 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।























































