मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसौली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, ओपीडी, दवा वितरण, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सीएमओ ने निरीक्षण के साथ स्वयं ओपीडी में मरीजों को देखा और उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया। हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के कारण उन्होंने हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की विशेष जांच की तथा उन्हें आवश्यक उपचार और सावधानियों के संबंध में परामर्श दिया। बड़ी संख्या में मरीजों ने उनसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श लिया।
डॉ. सुनील तेवतिया ने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकीय कक्षों, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।























































