बांदा।आगामी श्रावण और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जनपद बांदा में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने यात्रियों से अपील की है कि वे डायवर्जन का पालन कर सुगम और सुरक्षित यात्रा करें।बांदा से चित्रकूट की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अधिक भीड़ होने की स्थिति में बाईपास चौराहा अतर्रा रोड से सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा।बांदा-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर शनिवार और रविवार को सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बांदा से चित्रकूट जाने वाले छोटे वाहन वैकल्पिक मार्ग बांदा-बिसंडा-पहाड़ी-चित्रकूट मार्ग या बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर सकते हैं।भारी वाहनों को केवल बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बिसंडा कट तक ही परमिट दिया गया है। जनपद में निम्न मार्ग सामान्य दिनों की तरह सभी प्रकार के वाहनों के लिए बांदा-बेंदाघाट मार्ग (फतेहपुर),बांदा-चिल्ला मार्ग (कानपुर),बांदा-हमीरपुर मार्ग,बांदा-महोबा मार्ग,बांदा-कालिंजर मार्ग खुले रहेंगे। कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख शिव मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।एएसपी शिवराज ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से हम सभी सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।सभी से डायवर्जन और यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की गई है।























































