मुजफ्फरनगर। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला सलाहकार समिति (DAC) और जिला समन्वय समिति (DSC) की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘माय भारत’ पोर्टल पर चल रहे सघन पंजीकरण अभियान की समीक्षा करना तथा जिले के अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना रहा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि ‘माय भारत’ 15 से 29 वर्ष के युवाओं के लिए एक फिजिटल मंच है, जहां स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षण और युवा नेतृत्व से जुड़े विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके माध्यम से वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, विकसित युवा संसद, स्वतंत्रता दिवस प्रतियोगिता और बजट क्विज जैसी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार के साथ 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ई-निमंत्रण भी प्राप्त हो सकता है।
बैठक में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत नशा मुक्त क्विज, लघु फिल्म और रील प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिज्ञा अभियान, हस्ताक्षर दीवार तथा फिट इंडिया खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने की रणनीति बनाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘माय भारत’ नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायतों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के सहयोग से ब्लॉक स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित करने तथा जिला एवं ब्लॉकवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला युवा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।























































