मुजफ्फरनगर। कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए किसान 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे से 10 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद को विभिन्न कृषि यंत्रों का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जिन पर निर्धारित नियमों के अनुसार अनुदान दिया जाएगा।
योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, स्ट्रॉ रीपर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, रोटावेटर, हैरो, कल्टीवेटर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस, पोटेटो प्लांटर, पोटेटो डिगर, शुगरकेन प्लांटर, शुगरकेन रेटून मैनेजर, पावर वीडर, पावर स्प्रेयर, मिनी राइस मिल, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस, पैकिंग मशीन सहित अनेक आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। इन योजनाओं का उद्देश्य खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना, फसल अवशेष प्रबंधन को प्रभावी बनाना तथा किसानों की उत्पादन लागत कम करना है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर स्वयं अथवा जन सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। आवेदन करते समय मोबाइल नंबर आवेदक का स्वयं का या उसके रक्त संबंधी परिवार के सदस्य, जैसे माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री अथवा पुत्रवधू का होना अनिवार्य है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।























































