मुजफ्फरनगर। शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में अमिट योगदान देने वाले पद्मश्री एवं पद्मभूषण से सम्मानित शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव की 22वीं पुण्यतिथि पर भोपा रोड स्थित गांधी पॉलिटेक्निक परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उनकी तपोस्थली में स्थापित प्रतिमा के समक्ष यज्ञ-पूजन किया गया और माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वामी कल्याण देव के शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें महान समाज सुधारक बताया। कार्यक्रम में आंदोलनकारी मास्टर विजय सिंह, चमन लाल प्रधानाचार्य गांधी पॉलिटेक्निक, राजेंद्र पुंडीर, डॉ. सुभाष शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मास्टर विजय सिंह ने कहा कि स्वामी कल्याण देव ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के प्रसार और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने कभी व्यक्तिगत संपत्ति अर्जित नहीं की और शिक्षा को ही समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना। उन्होंने करीब 300 शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर गरीब और अमीर सभी वर्गों के बच्चों को सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया। इन संस्थानों में हाईस्कूल, इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, महिला कॉलेज, पॉलिटेक्निक, मेडिकल कॉलेज तथा तकनीकी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज जहां कई शिक्षण संस्थान शिक्षा को व्यवसाय बना चुके हैं, वहीं स्वामी कल्याण देव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनके उत्तराधिकारी स्वामी ओमानंद ने संस्थानों में सरकारी मानकों के अनुरूप ही शुल्क व्यवस्था बनाए रखी है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। राजेंद्र पुंडीर ने कहा कि स्वामी ओमानंद ने भी गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 22 नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा सेवा का विस्तार किया है। चमन लाल ने कहा कि स्वामी कल्याण देव ने शिक्षा के साथ हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का भी कार्य किया। वहीं सतीश शर्मा ने समाज और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखते हुए परिवारों से अपने बच्चों को देश सेवा, अध्यात्म और पारिवारिक जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र पाठक, बबीता रानी, डॉ. अभिषेक चौधरी, नीरज कुमार, आर.के. मेधा, मनोज सिखेड़ा, अनुज कुमार, अवधेश कुमार, राजेंद्र शर्मा, राजेंद्र सैनी, बसंत गोयल, कृष कौशिक, मनोज कुमार गर्ग सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर स्वामी कल्याण देव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।























































