घासीपुरा में बिजली संकट से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं ने दी धरने की चेतावनी

मुजफ्फरनगर।मंसूरपुर क्षेत्र के गांव घासीपुरा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव में पिछले कई दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद सुबह से लेकर अब तक विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को 20 से 30 बार फोन किया जा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है। कभी 10 मिनट में बिजली आने की बात कही जाती है तो कभी 20 मिनट में आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिया जाता है, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

गांव की महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से धरने पर बैठने को मजबूर होंगी। उनका कहना है कि लगातार बिजली न होने से घरों में पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो रही है, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। गांववासियों का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह बिजली विभाग की होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts