मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी और सीओ सदर राजू साव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रामपुर तिराहा से लेकर छपार, बरला, पुरकाजी और उत्तराखंड सीमा स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट तक पूरे कांवड़ रूट का भ्रमण कर सड़क, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, संकेतक बोर्ड, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाओं में कमियां सामने आने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम सदर ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सड़क पर गड्ढों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त स्थानों को ठीक कराने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। वहीं सीओ सदर राजू साव ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों, चेक पोस्टों और यातायात संचालन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय क्षेत्रवासियों, समाजसेवियों, व्यापारियों और आमजन से भी संवाद किया तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उनके सुझाव प्राप्त किए। लोगों ने भी विभिन्न स्थानों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, ट्रैफिक प्रबंधन और साफ-सफाई से जुड़े सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनसहयोग और विभिन्न विभागों के समन्वय से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को बेहतर और सुचारु बनाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मार्ग पर सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे, जिससे लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।























































