होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में भारतीय मानक ब्यूरो की स्टैंडर्ड राइटिंग प्रतियोगिता, 90 विद्यार्थियों ने लिया भाग

मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के सभागार में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की देहरादून शाखा के तत्वावधान में स्टैंडर्ड राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा, मानकीकरण और उपभोक्ता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के स्टैंडर्ड क्लब से जुड़े 90 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ रिसोर्स पर्सन सूची द्विवेदी, रूपेश कुमार, शुभम कुमार तथा प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सूची द्विवेदी ने विद्यार्थियों को भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीआईएस देश में औद्योगिक एवं उपभोक्ता उत्पादों के लिए वैज्ञानिक आधार पर गुणवत्ता मानक निर्धारित करता है तथा प्रमाणित उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने पर उपभोक्ता बीआईएस कार्यालय में शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीआईएस सरकार, उद्योग, उपभोक्ताओं और विभिन्न संगठनों के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक स्थापित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन कार्य करता है और डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया जैसी विभिन्न सरकारी पहलों को भी मजबूती प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बीआईएस केयर मोबाइल ऐप की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से किसी भी उत्पाद के लाइसेंस नंबर, हॉलमार्क, एचयूआईडी, गुणवत्ता प्रमाणन तथा पानी, प्रेशर कुकर, आभूषण, खाद्य पदार्थ और विद्युत उपकरणों सहित विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जा सकती है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इस ऐप की जानकारी अपने अभिभावकों और समाज तक पहुंचाकर जागरूकता बढ़ाएं। प्रतियोगिता के परिणामों में निवेदी, अंशिका, वर्तिका और निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इच्छा, आरव, जतिन और जानवी द्वितीय स्थान पर रहे। वंशिका खाटियान और जिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ने रिसोर्स पर्सन सूची द्विवेदी को सम्मान चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रूपेश कुमार, सचिन कुमार, शुभम कुमार, नितिन बालियान, जितेन्द्र कुमार और अमित शर्मा सहित विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts