मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ महाअभियान के तहत नगर पालिका परिषद ने रविवार को कमला नेहरू वाटिका (कंपनी बाग) में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में करीब 200 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण, हरित शहर और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए, ताकि प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सभासदों तथा नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी-अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन का आधार हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां और धरती मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है तथा जनसहभागिता से यह अभियान और अधिक सफल होगा।
नगर पालिका परिषद ने इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। पालिका अध्यक्ष की कार्ययोजना के अनुसार शहर के 27 प्रमुख स्थानों पर कुल 11,732 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में विभिन्न टीमों का गठन किया गया, जबकि अभियान की निगरानी नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं वाटिका प्रभारी डॉ. अन्नू चौधरी ने की। कंपनी बाग के अलावा भोपा रोड, मेरठ रोड, एटूजेड रोड, संधावली, किदवईनगर एसटीपी, जनकपुरी श्मशान घाट, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, शांतिनगर, सुभाषनगर, कूकड़ा, नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज और गहरा बाग मिलिट्री लैंड सहित 27 स्थानों पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में सभासद सुरेन्द्र सिंह, ललित कुमार, मोहम्मद सलीम, शाहिद आलम, सीएसएफआई योगेश कुमार, आईटी अधिकारी प्रियेश कुमार, रुचि शर्मा, नीतेश चौधरी, अनुज कुमार, दुष्यंत चौधरी, दीपक कुमार समेत बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
















