मुजफ्फरनगर में बाढ़ का बढ़ता खतरा, डीएम-एसएसपी और प्रशासन लगातार कर रहे राहत कार्यों की निगरानी.

मुजफ्फरनगर जिले में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में सदर एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उनके साथ नायब तहसीलदार अमित कुमार सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ट्रैक्टर के माध्यम से जलमग्न क्षेत्रों तक पहुंची और गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना तथा बढ़ते जलस्तर का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह किसानों और ग्रामीणों के साथ खड़ा है तथा किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचे। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। ग्रामीणों के आवागमन और सुरक्षित निकासी के लिए नावों की व्यवस्था की गई है, जबकि जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट भी लगाए गए हैं ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान कई ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने सोनाली नदी पर स्थायी तटबंध बनाए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि हर वर्ष नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ की समस्या पैदा हो जाती है, जिससे किसानों की फसलें और लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की कि भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मजबूत तटबंध का निर्माण कराया जाए। प्रशासन ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। फिलहाल जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, सुरक्षा तथा बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts