मुजफ्फरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जानसठ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम की शुरुआत मंडलायुक्त के आगमन पर पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर की गई। इसके बाद अधिकारियों ने समाधान दिवस में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने का प्रयास किया जाए। विशेष रूप से महिला अपराधों से संबंधित शिकायतों की जांच को प्राथमिकता देने और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने आमजन को साइबर अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क किया जाना चाहिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी जानसठ, तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता, रक्षमी लावा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















