मुजफ्फरनगर। वन महोत्सव-2026 के अवसर पर सामाजिक वानिकी एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज, काकड़ा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजीव कुमार के निर्देशन में किया गया। यह आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग अभिनव राज तथा जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजुला, प्रवक्ता मीनाक्षी, अंजली, काजल एवं रवीना सहित अन्य शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं सानिया, साजिया और सुहाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्राओं ने पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया तथा वृक्षों की देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण महाअभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश ने वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान देशभर में जनआंदोलन का रूप ले चुका है और लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इसकी शुरुआत वर्ष 1950 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि एवं खाद्य मंत्री डॉ. के.एम. मुंशी द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य वनों की कटाई, मृदा अपरदन, घटती वर्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। वृक्षारोपण से हरित आवरण में वृद्धि होती है, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में सहायता मिलती है, जैव विविधता का संरक्षण होता है तथा वायु और जल की गुणवत्ता में सुधार आता है। साथ ही वृक्ष भूमि को कटाव से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजीव कुमार ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।















