मुजफ्फरनगर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम और थाना नई मंडी पुलिस ने सूचना के आधार पर दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एस्सार पेट्रोल पंप से लगभग 50 मीटर हरिद्वार की ओर एक अशोक लीलैंड पिकअप वाहन संख्या UP 12 AT 1524 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 150 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 129 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब और 21 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब शामिल है। बरामद शराब को बिना वैध दस्तावेजों के दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था।
मौके पर मौजूद आबकारी और पुलिस टीम ने वाहन चालक राजेन्द्र उर्फ बॉबी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना नई मंडी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चालक ने बताया कि वह हरियाणा मार्का अवैध शराब की खेप को उत्तराखंड में सप्लाई करने के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है, शराब किसके कहने पर लाई जा रही थी और इसे उत्तराखंड में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। राज्य की सीमाओं और प्रमुख राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जनपद में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
















