गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया तथा उनका जीवन आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके विचार युवा पीढ़ी और संगठन के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक महान शिक्षाविद् और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक ही नहीं थे, बल्कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति को राष्ट्रहित, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा की नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। सम्मेलन के दौरान उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक ऊर्जा और जनसेवा के संकल्प से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, महामंत्री धर्मेंद्र भाटी, संयोजक वीरेंद्र सिंह भाटी, अशोक शर्मा, चेयरपर्सन गीता पंडित सहित अनेक पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















