मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोरना क्षेत्र के शुकतीर्थ स्थित शुकदेव सिटी में वन महोत्सव सप्ताह के तहत ‘कपि वन’ की स्थापना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने अमरूद, जामुन, शहतूत और अनार सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर जीवन प्रदान करेंगे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ‘कपि वन’ की स्थापना का उद्देश्य वानरों सहित अन्य वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक वातावरण तैयार करना और स्थानीय जैव विविधता को मजबूत करना है।
लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर उन्नति ने चिकित्सक दिवस और सीए दिवस पर 11 विशेषज्ञों का किया सम्मान
इसके लिए विशेष रूप से फलदार वृक्ष लगाए जा रहे हैं, जिससे वन्यजीवों को प्राकृतिक भोजन उपलब्ध हो सके और पर्यावरण का संतुलन भी बना रहे। अधिकारियों ने बताया कि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और देखभाल के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि सभी पौधे स्वस्थ रूप से विकसित होकर भविष्य में हरित वन का स्वरूप ले सकें। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी रविकांत चौधरी, डिप्टी रेंजर दीपक कुमार, अमित कुमार, नंदकिशोर, प्रवेश कुमार, प्रमोद, पिंटू और विशु सहरावत सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वन महोत्सव सप्ताह के इस अभियान को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और भविष्य में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।























































