60 लाख की बीमा मैच्योरिटी राशि हड़पने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि को धोखाधड़ी से हड़पने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं तथा उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना टीम ने मामले की गहन जांच कर पूरे गिरोह का खुलासा किया।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में हरिद्वार निवासी सुमनलता ने बजाज एलियांज इंश्योरेंस लिमिटेड में जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। बाद में आर्थिक कारणों से वह पॉलिसी का प्रीमियम जमा नहीं कर सकीं और उन्होंने पॉलिसी बंद कर जमा धनराशि वापस लेने का अनुरोध किया। कंपनी द्वारा लगभग 60.37 लाख रुपये की मैच्योरिटी राशि का चेक जारी कर ब्लू डार्ट कूरियर के माध्यम से उनके पते पर भेजा गया था। लेकिन यह चेक पीड़िता तक नहीं पहुंचा और रास्ते में ही धोखाधड़ीपूर्वक गायब कर दिया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि चेक में नाम परिवर्तन कर उसे मुजफ्फरनगर जनपद के बिरालसी निवासी एक महिला के बैंक खाते में जमा कराया गया। इसके बाद रकम को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर निकाल लिया गया। जब पीड़िता को धनराशि प्राप्त नहीं हुई तो उन्होंने बीमा कंपनी से संपर्क किया। कंपनी द्वारा की गई आंतरिक जांच में गड़बड़ी सामने आने पर मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संगठित धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम जनता की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखा जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts