मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा एवं थाना प्रभारी कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर पुलिस की टीम रात्रि के समय काली नदी पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी के निकट खाली प्लाटिंग क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध शस्त्रों के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके की ओर रवाना हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 09 अवैध तमंचे 315 बोर, 09 जिंदा कारतूस 315 बोर, 03 पिस्टल 32 बोर, 03 मैगजीन 32 बोर, 04 मोबाइल फोन तथा 4 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद हथियारों की संख्या और गुणवत्ता को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से हथियारों के स्रोत, उनके संभावित उपयोग और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संबंधों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं उनका संबंध किसी संगठित अपराध गिरोह से तो नहीं है। बरामद हथियारों के संबंध में फोरेंसिक और तकनीकी जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में कोतवाली नगर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts